पश्चिमी सिंहभूम पुलिस की बड़ी सफलता, अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से और उनकी निशानदेही पर 20 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में एक्टिवा, पल्सर, स्प्लेंडर, आर15, एफजेड समेत कई लोकप्रिय मॉडल शामिल हैं।
सूचना के आधार पर गठित की गई संयुक्त टीम
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार किंडो ने बताया कि 1 जून को सूचना मिली थी कि नोवामुंडी क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर नोवामुंडी, किरीबुरू, बड़ा जामदा और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी की गई।
दो आरोपी गिरफ्तार, 20 चोरी की बाइक बरामद
छापेमारी के दौरान डुकासाई गांव से सोनू लोहरा उर्फ भोला को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने राज पूर्ति को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद विभिन्न स्थानों पर छिपाकर रखी गईं 20 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
जांच में सामने आया चोरी का नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य चोरी की गई मोटरसाइकिलों को ग्रामीण और सुनसान इलाकों में छिपाकर रखते थे और बाद में उन्हें कम कीमत पर बेच देते थे। पुलिस को आशंका है कि बरामद वाहन झारखंड के साथ-साथ ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों से भी चोरी किए गए हैं।
मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वालों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- सोनू लोहरा उर्फ भोला, निवासी बिरसानगर, जमशेदपुर
- राज पूर्ति, निवासी टोटोंगड़ा, छोटानागरा, पश्चिमी सिंहभूम
बरामद वाहन

बरामद वाहनों में होंडा एक्टिवा, बजाज पल्सर एनएस-200, हीरो सुपर स्प्लेंडर, यामाहा आर15, यामाहा एफजेड, हीरो ग्लैमर, हीरो सीबीजेड, एचएफ डीलक्स, होंडा सीबी शाइन, यामाहा फेजर, यामाहा फसिनो, होंडा एविएटर और हीरो स्प्लेंडर प्लस समेत कुल 20 वाहन शामिल हैं।
वाहन मालिकों से पुलिस की अपील
पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जिनकी मोटरसाइकिल हाल के दिनों में चोरी हुई है, वे बरामद वाहनों की सूची देखकर अपनी गाड़ी की पहचान करें। वाहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित थाना या पुलिस कार्यालय में संपर्क कर सत्यापन कराने के बाद वाहन वापस प्राप्त किया जा सकता है।
#ChaibasaNews #WestSinghbhumPolice #BikeTheftGang #StolenMotorcycle #NovamundiNews #JharkhandCrimeNews #VehicleTheft #PoliceAction #ChaibasaCrimeNews #JharkhandNews #CrimeInJharkhand #MotorcycleTheft #WestSinghbhum #LawAndOrder #CrimeReport #LocalNews #BikingCommunity #PoliceStory #SafetyFirst #BreakTheSilence