टाटानगर स्टेशन हादसे में झुलसे युवक की मौत, मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन
जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन के वाशिंग लाइन क्षेत्र में 30 मई को हुए हादसे में गंभीर रूप से झुलसे युवक आशीष मांझी की शनिवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। रविवार को बड़ी संख्या में लोग स्टेशन पहुंचे और प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित जीआरपी कार्यालय के बाहर धरना देकर रेलवे प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
वाशिंग लाइन में काम के दौरान हुआ था हादसा
आशीष मांझी परसुडीह थाना क्षेत्र के शंकरपुर का निवासी था। वह वाशिंग लाइन में एक कोच की छत पर चढ़कर एसी यूनिट की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
कई दिनों तक चला इलाज
घटना के बाद उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर किया गया। कई दिनों तक चले इलाज के बाद शनिवार देर रात उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने रेलवे प्रशासन पर लगाए आरोप
परिजनों ने रेलवे प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था।
मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, एक सदस्य को स्थायी नौकरी, मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर आरपीएफ, जीआरपी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
पोस्टमार्टम पर बनी हुई है असमंजस की स्थिति
फिलहाल आशीष मांझी का शव टीएमएच में रखा गया है। परिजनों का कहना है कि मांगों पर ठोस आश्वासन मिलने तक वे पोस्टमार्टम की अनुमति नहीं देंगे।
#TatanagarStation #JamshedpurNews #RailwayAccident #AshishManjhi #TrainCoachAccident #HighTensionWireAccident #RailwaySafety #TMHJamshedpur #GRPJamshedpur #RPFNews #JharkhandNews #CrowNews #SafetyFirst #AccidentReporting #JamshedpurSafety #IndianRailways #TrainSafety #EmergencyResponse #CommunityAlert #NewsUpdate