कोवाली थाना प्रभारी पर वृद्ध से मारपीट और रिश्वत मांगने का आरोप, एसएसपी से शिकायत
जमशेदपुर/पोटका: पोटका प्रखंड के कोवाली थाना क्षेत्र स्थित हेंसड़ा गांव के निवासी करण बेरा ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को लिखित शिकायत देकर कोवाली थाना प्रभारी मुकेश Kumar साव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में थाना प्रभारी पर उनके पिता के साथ मारपीट करने, झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने और रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया है।
वृद्ध पिता को रात में थाना ले जाने का आरोप
करण बेरा के अनुसार उनके पिता श्यामा प्रसाद बेरा लंबे समय से शुगर और ब्लड प्रेशर की बीमारी से पीड़ित हैं। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण उन्हें चलने-फिरने में भी कठिनाई होती है और वे अधिकतर समय घर पर ही रहते हैं।
शिकायत में कहा गया है कि 6 जून 2026 की रात करीब 12 बजे कोवाली थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने श्यामा प्रसाद बेरा पर गांजा कारोबार से जुड़े होने का आरोप लगाया और उन्हें थाना चलने के लिए कहा। इसके बाद पुलिस उन्हें अपने साथ थाना ले गई।
थाना परिसर में मारपीट करने का दावा
करण बेरा ने दावा किया है कि घटना की जानकारी मिलने पर वह अपने भाइयों के साथ रात में कोवाली थाना पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि उनके पिता के साथ मारपीट की जा रही थी। शिकायतकर्ता के अनुसार मारपीट की आवाज थाना परिसर के बाहर तक सुनाई दे रही थी और उनके पिता दर्द से कराह रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उन्हें गाली-गलौज कर वहां से भगा दिया गया।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया भर्ती
अगले दिन सुबह थाना पहुंचने पर उन्हें जानकारी मिली कि उनके पिता को पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनके पिता का इलाज चल रहा था और उन्हें स्लाइन चढ़ाई जा रही थी।
करण बेरा का कहना है कि उनके पिता ने बताया कि रातभर उनकी पिटाई की गई, जिससे उनके पूरे शरीर में दर्द है। इसके कारण उनका शुगर और ब्लड प्रेशर भी बढ़ गया और तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एक लाख रुपये रिश्वत मांगने का भी आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि थाना प्रभारी की ओर से एक लाख रुपये की मांग की जा रही है। रकम नहीं देने पर उनके पिता को झूठे गांजा मामले में जेल भेजने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उनके पिता निर्दोष हैं और उन्हें गलत तरीके से फंसाने की कोशिश की जा रही है।
एसएसपी समेत कई अधिकारियों को भेजी गई शिकायत
करण बेरा ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने और उनके पिता को न्याय दिलाने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि झारखंड के मुख्यमंत्री, डीजीपी, डीआईजी कोल्हान और डीएसपी मुसाबनी को भी भेजी गई है।
नोट: समाचार शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में पुलिस प्रशासन की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
Crow News: आपकी विश्वसनीय खबर
हमारा उद्देश्य Crow News के माध्यम से आप तक सबसे सटीक और निष्पक्ष Hindi news पहुँचाना है। चाहे वो Jharkhand News हो या फिर Jamshedpur News से जुड़ी ताज़ा अपडेट, हम हर घटना पर पैनी नज़र रखते हैं। हमारे साथ जुड़ें और जानें हिंदी समाचार (Hindi Samachar) सबसे पहले। राज्य और शहर की हर छोटी-बड़ी सटीक खबरों के लिए बने रहें Crow News के साथ!