जमशेदपुर: गोलमुरी में सड़क हादसे के बाद हंगामा, पिकअप की टक्कर से स्कूटी सवार महिला घायल
जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के आरडी टाटा गोलचक्कर के पास रविवार को एक सड़क हादसे के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया। पिकअप वैन की टक्कर से स्कूटी सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से महिला को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
ट्रैफिक चेकिंग का आरोप लगाकर लोगों ने किया हंगामा और सड़क जाम
हादसे के बाद कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक चेकिंग के दौरान एक पुलिसकर्मी अचानक महिला के सामने आ गया, जिससे वह सड़क पर गिर गई और पीछे से आ रही पिकअप वैन की चपेट में आ गई। इस बात को लेकर लोगों ने सड़क जाम कर दी और ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस और क्यूआरटी की टीम मौके पर पहुंची। काफी समझाने के बाद लोगों ने जाम हटाया और यातायात सामान्य किया गया।
सीसीटीवी फुटेज से सच आया सामने, डीएसपी ट्रैफिक ने की अफवाह न फैलाने की अपील
बाद में पुलिस ने घटना का सीसीटीवी फुटेज जारी किया। फुटेज में दिखा कि महिला साकची से बर्मामाइंस की ओर जा रही थी और सीधे पिकअप वैन की चपेट में आ गई। वीडियो में पुलिस चेकिंग या पुलिसकर्मी की वजह से हादसा होने की बात सामने नहीं आई।
डीएसपी ट्रैफिक नीरज पाठक ने कहा कि दुर्घटना का ट्रैफिक चेकिंग अभियान से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी जानकारी की पुष्टि के बाद ही प्रतिक्रिया देने की अपील की। घायल महिला की पहचान साकची गुरुद्वारा बस्ती निवासी खुशबू सिंह के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में महिला के पिकअप वैन की टक्कर से घायल होने की पुष्टि हुई है।
Crow News: आपकी विश्वसनीय खबर
हमारा उद्देश्य Crow News के माध्यम से आप तक सबसे सटीक और निष्पक्ष Hindi news पहुँचाना है। चाहे वो Jharkhand News हो या फिर Jamshedpur News से जुड़ी ताज़ा अपडेट, हम हर घटना पर पैनी नज़र रखते हैं। हमारे साथ जुड़ें और जानें हिंदी समाचार (Hindi Samachar) सबसे पहले। राज्य और शहर की हर छोटी-बड़ी सटीक खबरों के लिए बने रहें Crow News के साथ!