चांडिल: चिलगु मोड़ पर सड़क हादसे में युवक की मौत, अधूरे पुल निर्माण को लेकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

चांडिल के चिलगु मोड़ पर अधूरे पुल निर्माण के कारण प्रभावित सड़क मार्ग।

चांडिल: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के चिलगु मोड़ पर सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में चिलगु निवासी जितेन दास की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह एक भारी वाहन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

समाजसेवी हरेलाल महतो ने पीड़ित परिवार को दी तत्काल आर्थिक सहायता

घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी हरेलाल महतो मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मिलकर शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा देते हुए तत्काल आर्थिक सहायता भी प्रदान की।

धीमी गति से चल रहे पुल निर्माण के कारण सिंगल लेन सड़क बनी हादसों की वजह

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चिलगु मोड़ पर चल रहे पुल निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य के कारण सड़क का एक हिस्सा सिंगल लेन में चल रहा है, जिससे अक्सर जाम और दुर्घटनाएं हो रही हैं।

लोगों ने प्रशासन और एनएचएआई (NHAI) से पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है। साथ ही मृतक के परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Share:

CROW News