जमशेदपुर में गौ माता को राष्ट्रमाता बनाने की मांग तेज, 27 जुलाई को विशाल शोभायात्रा और डीसी को सौंपा जाएगा ज्ञापन
जमशेदपुर: जमशेदपुर में गौ माता राष्ट्रमाता मांग अभियान ने गति पकड़ ली है। गो सम्मान आव्हान अभियान के बैनर तले 27 जुलाई को शहर में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान करीब एक लाख लोगों के हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन जिला उपायुक्त को सौंपा जाएगा, जिसे राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, झारखंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम भेजा जाएगा।
📌 मुख्य बातें
- 27 जुलाई को निकलेगी विशाल शोभायात्रा।
- एक लाख हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन डीसी को सौंपा जाएगा।
- गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग उठेगी।
- गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए नीति बनाने की अपील होगी।
- शहरभर से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद।
अभियान को मिला एक लाख लोगों का समर्थन
शनिवार शाम बिष्टुपुर स्थित चैम्बर भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में अभियान के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी विनय कुमार शर्मा ने बताया कि संस्था लंबे समय से गौ संरक्षण, गौ संवर्धन और गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से जनजागरण अभियान चला रही है। इसी क्रम में जिलेभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें अब तक लगभग एक लाख लोगों का समर्थन मिल चुका है।
टाटानगर गौशाला से निकलेगी शोभायात्रा
उन्होंने बताया कि 27 जुलाई की सुबह 7 बजे टाटानगर गौशाला, जुगसलाई से भव्य शोभायात्रा की शुरुआत होगी। यात्रा जुगसलाई के मुख्य मार्ग से होते हुए घोड़ा चौक तक पहुंचेगी। इसके बाद सभी कार्यकर्ता एवं समर्थक बसों के माध्यम से साकची स्थित बोधि मैदान पहुंचेंगे, जहां शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोग भी शामिल होंगे।
डीसी कार्यालय तक पैदल मार्च
सुबह 8 बजे बोधि मैदान से श्रद्धालु और अभियान से जुड़े सदस्य “श्री राम-राम, जय-जय राम” विजय मंत्र का सामूहिक जाप करते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च करेंगे। वहां प्रशासन को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा जाएगा।
गौ संरक्षण के लिए स्थायी नीति की मांग
अभियान के प्रतिनिधियों ने बताया कि ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने के साथ-साथ गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रभावी और स्थायी नीति बनाने की मांग भी की जाएगी। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से शोभायात्रा में शामिल होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।