जमशेदपुर: 11 साल से अधूरी बागबेड़ा जलापूर्ति योजना को चालू करने की मांग, ग्रामीणों ने टाटानगर स्टेशन के पास दिया धरना
जमशेदपुर: बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना को जल्द शुरू करने की मांग को लेकर रविवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास ग्रामीण विकास संघर्ष समिति के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के संचालक और पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव ने किया।
धरना में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया और करीब 11 वर्षों से लंबित जलापूर्ति योजना को जल्द पूरा कर चालू करने की मांग उठाती। किशोर यादव ने कहा कि कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद आज तक लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल सका है। प्रशासन ने 14 जून से जलापूर्ति शुरू करने की बात कही थी, लेकिन तय समय पर योजना चालू नहीं हो सकी।
पेजल संकट से जूझ रहे बागबेड़ा और हरहरगुट्टू के लोग, 14 जून की समय-सीमा भी फेल

उन्होंने बताया कि बागबेड़ा, हरहरगुट्टू और आसपास के इलाकों के लोग आज भी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। गर्मी के दिनों में लोगों को चापाकल, टैंकर और अन्य साधनों के सहारे पानी की व्यवस्था करनी पड़ती है। कई परिवारों को दूर से पानी लाना पड़ता है।
धरना में वक्ताओं ने कहा कि यह योजना शुरू होने से हजारों लोगों को स्वच्छ पेयजल मिलेगा और जलजनित बीमारियों पर भी रोक लगेगी। उन्होंने प्रशासन से योजना में आ रही सभी बाधाओं को दूर कर जल्द जलापूर्ति शुरू करने की मांग की।
15 दिनों के भीतर समाधान नहीं हुआ तो उपायुक्त कार्यालय के समक्ष होगा अनिश्चितकालीन धरना
समिति ने संबंधित विभाग से योजना की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने और जलापूर्ति शुरू होने की स्पष्ट समय-सीमा बताने की भी मांग की। किशोर यादव ने चेतावनी दी कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर योजना शुरू नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।
धरना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। आंदोलनकारियों ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो क्षेत्र के लोग बड़ा जनआंदोलन शुरू करेंगे।