जमशेदपुर: 14 दिन बाद सकुशल मिली तीन वर्षीय आफरीन, बच्ची का अपहरण करने वाले दंपती गिरफ्तार

जमशेदपुर में लापता बच्ची आफरीन सकुशल बरामद, पुलिस टीम के साथ आरोपी।

जमशेदपुर: साकची बाजार से 26 मई को लापता हुई तीन वर्षीय बच्ची आफरीन को पुलिस ने 14 दिन बाद सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में कपाली निवासी अब्दुल जसीम उर्फ लखन और उसकी पत्नी अफसाना बेगम को गिरफ्तार किया है।

सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया से मिली मदद

बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि बच्ची की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र के पुष्टि गांव में छापेमारी कर बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया।

संतान न होने के कारण उठाया यह कदम

पूछताछ में दंपती ने बताया कि उनकी शादी को 10 साल हो चुके हैं, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं है। इसी वजह से वे मानसिक रूप से परेशान थे और उन्होंने बच्ची को अपने साथ ले जाने का फैसला किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी अब्दुल जसीम कपाली में मोबाइल की दुकान चलाता है।

परिजनों ने जताया पुलिस का आभार

बच्ची के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। बच्ची की मां रुकसार खान ने पुलिस का धन्यवाद करते हुए कहा कि बेटी के वापस लौटने से पूरे परिवार को बड़ी राहत मिली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share:

CROW News