जयदा मंदिर घाट पर रील बनाते समय नदी में डूबा युवक, एनडीआरएफ की मदद से तलाश जारी
सरायकेला-खरसावां: चांडिल अनुमंडल के चौका थाना क्षेत्र स्थित जयदा मंदिर घाट पर सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। सुवर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान जमशेदपुर निवासी एक युवक डूब गया। देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका, जिसके बाद प्रशासन ने मंगलवार सुबह एनडीआरएफ की टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया।
डूबे युवक की हुई पहचान
डूबे युवक की पहचान जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित पंचवटी नगर, सिद्धू-कान्हू बस्ती निवासी 23 वर्षीय प्रेम कुमार उर्फ बल्लू के रूप में हुई है।
दोस्त बना रहा था वीडियो और रील
जानकारी के अनुसार प्रेम कुमार अपने दोस्त आशुदेव कुमार के साथ बाइक से घूमने के लिए जयदा मंदिर पहुंचा था। दोनों मंदिर परिसर से नीचे नदी घाट की ओर गए। इस दौरान प्रेम कुमार नदी में नहाने उतर गया, जबकि उसका दोस्त किनारे पर खड़ा होकर मोबाइल से वीडियो और रील बना रहा था।
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
बताया जाता है कि नहाते-नहाते प्रेम कुमार नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गया और अचानक डूबने लगा। दोस्त ने शोर मचाकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आसपास कोई मौजूद नहीं था। देखते ही देखते युवक नदी में समा गया।
देर रात तक चला खोज अभियान
घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से देर रात तक खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
एनडीआरएफ की टीम ने संभाला मोर्चा
मंगलवार सुबह एनडीआरएफ की टीम को बुलाकर युवक की तलाश तेज कर दी गई है।
इधर, घटना की खबर मिलते ही युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बेटे के लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
प्रशासन की लोगों से अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदियों और जलाशयों के पास विशेष सावधानी बरतें तथा रील और सेल्फी बनाने के दौरान अपनी सुरक्षा को नजरअंदाज न करें।