जमशेदपुर: घाघीडीह जेल में कैसे पहुंचा स्मार्टफोन? वायरल वीडियो ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल का मुख्य प्रवेश द्वार।

जमशेदपुर: घाघीडीह सेंट्रल जेल से बंद अपराधियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। त्रिस्तरीय सुरक्षा के दावों के बीच एक महिला मुलाकाती के जेल परिसर में स्मार्टफोन ले जाने और वीडियो बनाने की बात सामने आई है।

वायरल वीडियो में दिखे कुख्यात अपराधी विक्की कुंडी और अमन शेखर

वायरल वीडियो में कुख्यात अपराधी विक्की कुंडी, अमन शेखर, बलराम सिंह उर्फ छोटू और विनीत सिंह नजर आ रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि आखिर कड़ी सुरक्षा जांच के बावजूद मोबाइल फोन जेल के अंदर कैसे पहुंचा और वीडियो रिकॉर्डिंग कैसे हुई?

महिला मुलाकाती ने बनाया वीडियो, परसुडीह थाना में मामला दर्ज

जांच में पता चला है कि वीडियो सोशल मीडिया पर निशांत सिंह नामक अकाउंट से साझा किया गया था, जो बंदी बलराम सिंह का भाई बताया जा रहा है। इसके बाद जेल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक महिला मुलाकाती द्वारा वीडियो बनाए जाने की बात सामने आई है।

जेल प्रशासन की शिकायत पर परसुडीह थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि जेल की सुरक्षा इतनी मजबूत है, तो ऐसी चूक कैसे हुई? क्या यह केवल लापरवाही का मामला है या फिर सुरक्षा व्यवस्था में किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है? इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएंगे।

Share:

CROW News