जमशेदपुर: मानगो में ज्वेलर्स दुकान की छत काटकर लाखों की बड़ी चोरी, नकद समेत गहने ले उड़े चोर
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के मानगो बाजार स्थित एक ज्वेलर्स दुकान में शनिवार देर रात बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने दुकान की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये मूल्य के गहनों के साथ नकदी भी चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी रविवार सुबह दुकान खुलने पर हुई।
दुकान खोलने पहुंचे संचालक के उड़े होश, सामान बिखरा मिला
दुकान संचालक जितेंद्र कुमार ने बताया कि वह शनिवार रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान की छत कटी हुई है और सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर गल्ले में रखे 12 से 15 हजार रुपये नकद तथा करीब 7 से 8 लाख रुपये मूल्य के आभूषण गायब मिले।
बगल की दुकान के सहारे छत पर चढ़े थे चोर, जांच में जुटी पुलिस
बताया गया कि चोर बगल की दुकान के सहारे ऊपर चढ़े और वहां से छत काटकर ज्वेलर्स दुकान के अंदर प्रवेश किया। घटनास्थल की जांच के दौरान छत पर एक पेंचकस भी बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल छत तोड़ने में किए जाने की आशंका है।
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण चोरों की पहचान में पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पुलिस चोरी में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।