रामगढ़: बंद कोयला खदान बनी मौत का कुआं, अवैध खनन के दौरान चार युवकों की दम घुटने से मौत
रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार को अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कुजू ओपी क्षेत्र के अरगड्डा स्थित बंद पड़ी भूमिगत कोयला खदान में चार युवकों की दम घुटने से मौत हो गई। प्रारंभिक आशंका है कि खदान के भीतर ऑक्सीजन की कमी अथवा जहरीली गैस के रिसाव के कारण यह हादसा हुआ।
अवैध रूप से कोयला निकालने गए थे चारों युवक
जानकारी के अनुसार, चारों युवक बंद खदान में अवैध रूप से कोयला निकालने के लिए अंदर गए थे। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर स्थानीय लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद नयीसराय माइंस रेस्क्यू टीम, अग्निशमन विभाग और मेडिकल टीम की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया।
सुबह शुरू हुए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बचावकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों युवकों को खदान से बाहर निकाला और तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया।
ऑक्सीजन की कमी से मौत की आशंका, जांच में जुटा प्रशासन
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला खदान के भीतर ऑक्सीजन की कमी से दम घुटने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बंद खदानों में लगातार हो रहे अवैध खनन पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह हादसा एक बार फिर झारखंड के कोयलांचल क्षेत्रों में जारी अवैध खनन और उससे जुड़े जानलेवा जोखिमों को उजागर करता है।