जमशेदपुर: 15 जून तक लाभार्थियों को फ्लैट की चाबी सौंपे सरकार – विधायक सरयू राय

जमशेदपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के फ्लैटों का निरीक्षण करते विधायक सरयू राय।

जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तैयार किए गए फ्लैटों का निरीक्षण कर राज्य सरकार से 15 जून तक लाभार्थियों को फ्लैटों की चाबी सौंपने की मांग की है। उन्होंने नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को टैग करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वादा पूरा करने का आग्रह किया।

सरयू राय ने लिखा कि नगर विकास मंत्री ने 15 जून से पहले जमशेदपुर के प्रधानमंत्री आवास लाभार्थियों को फ्लैट सौंपने का आश्वासन दिया था। शनिवार सुबह उन्होंने स्वयं फ्लैटों का निरीक्षण किया और पाया कि अधिकांश फ्लैट रहने योग्य स्थिति में हैं। जहां कुछ तकनीकी खामियां हैं, वहां मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है। ऐसे में लाभार्थियों को फ्लैटों का कब्जा देने में और देरी नहीं होनी चाहिए।

चौथी मंजिल तक पहुंचकर सरयू राय ने लिया फ्लैटों की स्थिति का जायजा

निरीक्षण के दौरान सरयू राय ने एक ब्लॉक की चौथी मंजिल तक पहुंचकर फ्लैटों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि दो ब्लॉक पूरी तरह तैयार हैं। कई फ्लैट बिल्कुल दुरुस्त हैं, जबकि कुछ फ्लैटों में दरारें और सीमेंट झड़ने जैसी समस्याएं दिखाई दीं, जिनकी मरम्मत की जा रही है।

उन्होंने बताया कि सभी फ्लैटों के ताले खोल दिए गए हैं और ठेकेदार मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं। उनका मानना है कि यदि लाभार्थी फ्लैटों में रहना शुरू कर दें तो छोटी-मोटी कमियों को दूर करना और आसान हो जाएगा। संबंधित अधिकारियों ने भी उन्हें बताया कि वर्तमान में फ्लैटों को अंतिम रूप देने और मरम्मत का काम चल रहा है ताकि उन्हें जल्द लाभार्थियों को सौंपा जा सके।

15 जून की निर्धारित समय सीमा के अंदर वादा निभाए सरकार

सरयू राय ने कहा कि पहले 31 मई तक फ्लैट आवंटन का लक्ष्य रखा गया था, जो पूरा नहीं हो सका। बाद में 15 जून की नई तिथि तय की गई। अब जबकि निर्धारित समय नजदीक है, सरकार को अपना वादा निभाते हुए लाभार्थियों को चाबी सौंप देनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी नगर विकास मंत्री से फोन पर भी बातचीत हुई है। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया है कि लाभार्थियों की वर्षों पुरानी प्रतीक्षा को समाप्त करते हुए 15 जून तक फ्लैटों का आवंटन सुनिश्चित किया जाए। सरयू राय ने कहा कि रविवार को रांची में मंत्री से मुलाकात कर इस मुद्दे पर फिर चर्चा करेंगे, ताकि लाभार्थियों को जल्द से जल्द उनका आशियाना मिल सके।

Share:

CROW News