जमशेदपुर न्यूज़: राहुल बच्चा हत्याकांड के आरोपी शब्बे का हाफ एनकाउंटर, हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस ने मारी गोली
जमशेदपुर: शहर में लंबे समय बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग की घटना सामने आई है। गुरुवार तड़के मानगो थाना क्षेत्र के स्मृति पार्क में राहुल बच्चा हत्याकांड के मुख्य आरोपी शब्बे को हथियार बरामदगी के लिए ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई। गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल हो गया।
हथियार बरामदगी के दौरान हुई जवाबी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, शब्बे को हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के लिए उसकी निशानदेही पर स्मृति पार्क ले जाया गया था। वहां पुलिस ने दो पिस्तौल बरामद कीं।
इसी दौरान आरोपी ने एक लोडेड पिस्तौल उठाकर पुलिस पर फायरिंग करने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए मानगो थाना के सब-इंस्पेक्टर संजय ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। गोली शब्बे के पैर में लगी और वह मौके पर घायल होकर गिर पड़ा।
दो गोलियां लगीं, एमजीएम अस्पताल में भर्ती
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि आरोपी के पैर में दो गोलियां लगी हैं। घायल शब्बे को तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
बुधवार शाम मानगो के मुंशी मोहल्ला में राहुल बच्चा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग की रंजिश थी।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, राहुल और शब्बे दोनों एक ही युवती से प्रेम करते थे। इसी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। वारदात के बाद शब्बे ने अपने कुछ साथियों के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था।
वर्षों बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जमशेदपुर में वर्षों बाद किसी आरोपी के खिलाफ इस तरह की पुलिस जवाबी फायरिंग चर्चा का विषय बन गई है। पुलिस का कहना है कि कानून पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।