दिल्ली के जंतर-मंतर से उठी चिंगारी, जमशेदपुर में छात्रों का प्रदर्शन; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

जमशेदपुर: विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर आमरण अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को स्वास्थ्य बिगड़ने पर अस्पताल ले जाए जाने के विरोध की गूंज अब जमशेदपुर में भी सुनाई दी। रविवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन के बैनर तले छात्र-छात्राओं ने शहर में विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण ढंग से अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता को पुलिस द्वारा जबरन अस्पताल ले जाना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। छात्रों ने पेपर लीक की लगातार सामने आ रही घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग की।

रैली के दौरान छात्रों ने कहा कि पेपर लीक के कारण लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है और सरकार इस गंभीर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करने में असफल रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। साथ ही उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की।

प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Share:

CROW News