जमशेदपुर न्यूज़: 1001 श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क कांवर यात्रा कराएगा बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ, 20 जुलाई से पंजीयन शुरू

जमशेदपुर में 1001 श्रद्धालुओं की नि:शुल्क कांवर यात्रा की जानकारी देते बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ के पदाधिकारी

जमशेदपुर: सावन माह में भगवान भोलेनाथ के भक्तों के लिए बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ इस वर्ष भी नि:शुल्क कांवर यात्रा का आयोजन करने जा रहा है। संघ की ओर से इस बार 1001 श्रद्धालुओं को सुल्तानगंज से देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम तक नि:शुल्क कांवर यात्रा कराई जाएगी। इसकी जानकारी साकची स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने दी।

9 अगस्त को रवाना होगा श्रद्धालुओं का जत्था

विकास सिंह ने बताया कि 9 अगस्त को जमशेदपुर से 1001 श्रद्धालुओं का जत्था बसों के माध्यम से सुल्तानगंज के लिए रवाना होगा। यात्रा में मानगो, साकची, बिष्टुपुर, कदमा और सोनारी सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों के श्रद्धालु शामिल होंगे।

20 जुलाई से शुरू होगा पंजीयन

यात्रा के लिए 20 जुलाई से पंजीयन शुरू होगा। सीटों का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। पंजीकरण के लिए श्रद्धालुओं की आयु 18 से 60 वर्ष निर्धारित की गई है।

पहचान पत्र और ड्रेस कोड की होगी व्यवस्था

विकास सिंह ने बताया कि सभी पंजीकृत श्रद्धालुओं को फोटो और मोबाइल नंबर युक्त पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। इसी पहचान पत्र के आधार पर यात्रा के दौरान आरक्षित धर्मशालाओं, विश्राम स्थलों और अन्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए सभी कांवरियों के लिए एक समान ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है, जिससे भीड़ में उनकी पहचान आसानी से हो सके।

भोजन, चिकित्सा और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण

संघ की ओर से बताया गया कि सुल्तानगंज से देवघर तक कांवरिया पथ पर विभिन्न धर्मशालाओं और निजी विश्राम स्थलों को पहले से आरक्षित कर लिया गया है। प्रत्येक पड़ाव पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन, चिकित्सा, विश्राम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था रहेगी।

यात्रा का मुख्य आकर्षण ईनारावरण स्थित भूतनाथ धर्मशाला में छत्तीसगढ़ के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रावण वध की जीवंत झांकी होगी।

आठ दिनों की होगी पूरी यात्रा

संघ की ओर से बस, धर्मशाला, भोजन, स्वास्थ्य सेवा सहित यात्रा की सभी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण के बाद श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ धाम के भी दर्शन करेंगे। पूरी यात्रा आठ दिनों की होगी, जिसके बाद सभी श्रद्धालु सकुशल जमशेदपुर लौटेंगे।

पंजीयन के लिए संपर्क करें

  • मानगो: किशोर वर्मन – 8540986994
  • सोनारी: कृष्ण सिंह – 9334644378
  • कदमा: विक्रम यादव – 8092278440, 8210320937
Share:

CROW News