जमशेदपुर न्यूज़: परसुडीह में नाले किनारे मिला नरकंकाल, फॉरेंसिक जांच से खुलेगा मौत का राज
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा स्थित शांतिनगर इलाके में सोमवार सुबह एक नरकंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुनसान स्थान पर नाले के किनारे मिट्टी में दबा नरकंकाल मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नरकंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
नाले के किनारे मिट्टी में दबा मिला नरकंकाल
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार सुबह कुछ लोग नाले के किनारे से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर मिट्टी में दबी हड्डियों पर पड़ी। पास जाकर देखने पर मामला इंसानी कंकाल का प्रतीत हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पहचान और मौत के कारण का नहीं चल सका पता
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके से नरकंकाल बरामद कर सुरक्षित जब्त कर लिया है। उन्होंने कहा कि शव पूरी तरह सड़-गल चुका है और केवल हड्डियां ही बची हैं।
उन्होंने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कंकाल किसी महिला का है या पुरुष का। साथ ही यह भी कहना संभव नहीं है कि मौत कब हुई थी।
गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि नरकंकाल की पहचान की जा सके। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं।
फॉरेंसिक जांच के बाद होगा खुलासा
पुलिस के अनुसार, नरकंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मृतक की पहचान, मौत के समय और मौत के कारण को लेकर कोई ठोस निष्कर्ष सामने आ सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।