जमशेदपुर न्यूज़: इन्द्रानगर में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का भंडाफोड़, महिला समेत तीन गिरफ्तार
जमशेदपुर: शहर में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीतारामडेरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ह्यूमपाइप स्थित इन्द्रानगर में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक महिला, उसके बेटे और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल वजन 4.32 ग्राम) तथा बिक्री से जुड़े 4,820 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले की जानकारी सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में दी।
गुप्त सूचना पर गठित हुई विशेष छापेमारी टीम
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि रविवार शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इन्द्रानगर निवासी भारती कैबर्तो अपने घर से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का अवैध कारोबार चला रही है। सूचना का सत्यापन करने के बाद सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
महिला, बेटा और नाबालिग गिरफ्तार
पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से भारती कैबर्तो के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 40 वर्षीय भारती कैबर्तो, उसका 22 वर्षीय बेटा विशाल कैबर्तो तथा एक नाबालिग को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 38 पुड़िया ब्राउन शुगर और 4,820 रुपये नकद बरामद कर जब्त कर लिए।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
सिटी एसपी ने बताया कि भारती कैबर्तो पहले से ही पुलिस रिकॉर्ड में पेशेवर ड्रग्स पेडलर के रूप में दर्ज है। उसके खिलाफ सीतारामडेरा, जुगसलाई और सोनारी थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट के तहत छह मामले दर्ज हैं।
वहीं, उसके बेटे विशाल कैबर्तो के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामले पहले से दर्ज हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
छापेमारी अभियान में दंडाधिकारी के रूप में कनीय अभियंता उमाशंकर के अलावा सीतारामडेरा थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
सिटी एसपी ने कहा कि शहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।