जमशेदपुर न्यूज़: राहुल बच्चा हत्याकांड का मुख्य आरोपी विक्की सिंह गिरफ्तार, पुलिस को बड़ी सफलता
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य नामजद आरोपी विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव उर्फ बल्लू (24) को पुलिस ने बिरसानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था, लेकिन तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने 12 जुलाई को उसे दबोच लिया।
8 जुलाई को हुई थी राहुल बच्चा की हत्या
जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे मानगो के गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास राहुल बच्चा पर डंडे, पत्थर और लकड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई के बयान पर मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
एसआईटी ने चलाया विशेष अभियान
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
एसआईटी ने लगातार छापेमारी, तकनीकी विश्लेषण और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विक्की सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पहले चार आरोपी जा चुके हैं जेल
इससे पहले पुलिस इस मामले में साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को जांच में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पूछताछ में स्वीकार की संलिप्तता
पुलिस पूछताछ में विक्की सिंह ने हत्या की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। जांच में यह भी सामने आया है कि उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वर्ष 2022 में सिदगोड़ा थाना में चोरी और चोरी का माल रखने, वर्ष 2023 में मानगो थाना में सरकारी कार्य में बाधा, हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं के तहत तथा वर्ष 2025 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।