जमशेदपुर न्यूज़: पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने टैंगो मोबाइल, पीसीआर, शक्ति कमांडो और क्यूआरटी जवानों को किया ब्रीफ
जमशेदपुर: शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार दोपहर सीसीआर साकची परिसर में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने टैंगो मोबाइल, पीसीआर, शक्ति कमांडो और क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) के जवानों की विशेष ब्रीफिंग की। इस दौरान पुलिस बल को सतर्कता, अनुशासन और प्रभावी गश्ती व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हुई ब्रीफिंग
ब्रीफिंग कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर), पुलिस निरीक्षक (सीसीआर) तथा साकची थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
नियमित पेट्रोलिंग और एंटी क्राइम अभियान पर जोर
एसएसपी ने शहर में नियमित और प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वाले, असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही एंटी क्राइम चेकिंग अभियान को और तेज करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष नजर रखने को कहा गया।
सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई के निर्देश
एसएसपी ने निर्देश दिया कि पेट्रोलिंग के दौरान किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलते ही संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस नियंत्रण कक्ष को तत्काल सूचना दी जाए, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
लापरवाही पर कार्रवाई, बेहतर कार्य पर मिलेगा सम्मान

उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और जवानों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया जाएगा।
अपराध नियंत्रण के लिए अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण, आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी, सघन पेट्रोलिंग और एंटी क्राइम अभियान लगातार जारी रहेगा।