जमशेदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ड्रग्स तस्कर खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत 10 गिरफ्तार, हत्या की साजिश नाकाम
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात तड़ीपार अपराधी और कथित ड्रग्स तस्कर मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत उसके गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर हत्या की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी पिस्टल, एक अतिरिक्त मैगजीन, छह जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया है।
सिटी एसपी ललित मीणा ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 21 जुलाई को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि गरीब नवाज कॉलोनी के समीप खरकई नदी पर बने रेलवे पुल के नीचे मो. खुर्शीद अपने साथियों के साथ कुख्यात अपराधी मो. निजाम की हत्या की साजिश रच रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़, मो. शहजादा, मो. इकबाल, अरसील शेख उर्फ अस्तर और मो. रिजवान उर्फ कैफ को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान मो. शहजादा के पास से एक देशी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
निशानदेही पर पांच और आरोपी दबोचे
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ईदगाह मैदान के पास से मो. फैसल उर्फ अरमान, आफताब खान उर्फ गिड्डुआ बच्चा, मो. अरबाज खान, मो. सितारे और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। इसके बाद शिव घाट स्थित रिसाइक्लिंग प्लांट के समीप छिपाकर रखा गया एक और देशी पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इसके अलावा पटनहिया मोहल्ला मैदान के किनारे से एक जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा भी बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को इसी स्थान पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी।
15-16 लाख रुपये के विवाद और निजी रंजिश में रची गई थी साजिश
पूछताछ में मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ ने स्वीकार किया कि वह ड्रग्स तस्करी से जुड़ा हुआ है और पहले मो. निजाम का साथी था। उसने बताया कि ब्राउन शुगर के कारोबार में करीब 15 से 16 लाख रुपये के लेन-देन और निजी विवाद के चलते उसने मो. निजाम की हत्या की योजना बनाई थी।
पुलिस के अनुसार, खुर्शीद की अनुपस्थिति में उसकी प्रेमिका निखत परवीन उर्फ पूजा ने मो. निजाम से शादी कर ली थी, जिससे दोनों के बीच दुश्मनी और गहरा गई।
वहीं मो. शहजादा ने पूछताछ में बताया कि वह निजी रंजिश के कारण इस गिरोह से जुड़ा था और हथियार खरीदने में उसने सहयोग किया था।
कई धाराओं में दर्ज हुआ मामला
इस मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 56/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं जिला बदर रहने के बावजूद जिले में प्रवेश कर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ के खिलाफ झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम (JCCA) के तहत भी अलग मामला दर्ज किया गया है।
कई संगीन मामलों में पहले से है आरोपी
पुलिस के अनुसार, मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी समेत कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।