जमशेदपुर न्यूज़: रामदेव बगान गोलीकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी शुभम कुमार पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार
जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के रामदेव बगान में हुई गोलीबारी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम शुभम कुमार है। यह वारदात 14 जून की रात को घटित हुई थी।
घायल दीपक कुमार झा का चल रहा इलाज, तकनीकी इनपुट से हुई गिरफ्तारी
डीसीपी संजीव कुमार ने इस मामले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फायरिंग 14 जून की रात करीब 11:30 बजे हुई थी। इस घटना में सिदगोड़ा निवासी दीपक कुमार झा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी उम्र 29 वर्ष है।
वारदात के बाद गोलमुरी थाना में मामला दर्ज किया गया था। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन हुआ था। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने 20 जून को आरोपी शुभम कुमार को दबोच लिया।
शराब न पिलाने के विवाद में मारी गोली, हथियार बरामद
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हथियार बरामद किया। पुलिस ने एक लोडेड पिस्टल, एक जिंदा गोली और खोखा जब्त किया है।
जांच में गोलीबारी की बेहद चौंकाने वाली वजह सामने आई है। यह पूरी वारदात शराब पीने के दौरान हुए विवाद के कारण हुई। दरअसल शुभम को शराब नहीं पिलाई गई थी। इसी बात से नाराज होकर उसने दीपक पर गोली चला दी। पुलिस अब मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।