जमशेदपुर न्यूज़: 30 जून से शुरू होगा मतदाता सूची पुनरीक्षण(SIR) 2026 अभियान, घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ
जमशेदपुर: भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत जिला प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। जिले में 30 जून से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान शुरू होगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने रविवार को समाहरणालय सभागार में यह जानकारी दी।
30 जून से 29 जुलाई तक चलेगा इन्यूमरेशन फेज, बीएलओ को देना होगा प्रपत्र
उपायुक्त ने बताया कि पहला चरण 30 जून से 29 जुलाई तक चलेगा। इस इन्यूमरेशन फेज में बीएलओ घर-घर जाएंगे। वे सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे। इस दौरान किसी भी मतदाता से कोई दस्तावेज नहीं लिया जाएगा।
मतदाताओं को प्रपत्र भरकर, फोटो लगाकर और हस्ताक्षर कर बीएलओ को देना होगा। इसकी दूसरी प्रति पर पावती प्राप्त करनी होगी। प्रवासी श्रमिकों और बाहर पढ़ रहे विद्यार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उनके परिवार के सदस्य ऑनलाइन माध्यम से प्रपत्र भरकर बीएलओ को भेज सकेंगे। इसके लिए ईसीआईनेट (ECINET) पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है।
5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन, 7 अक्टूबर 2026 को आएगी अंतिम सूची
उपायुक्त के अनुसार 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक सत्यापन प्रक्रिया चलेगी। इस दौरान केवल चिन्हित मतदाताओं से ही दस्तावेज मांगे जाएंगे। जिनका नाम पूर्व सूची में नहीं है, उन्हें निर्धारित 11 दस्तावेजों में से एक प्रति देनी होगी। पहचान के लिए आधार कार्ड के साथ भी एक दस्तावेज की प्रति देना अनिवार्य रहेगा।
नए पात्र नागरिकों को प्रपत्र-6 और घोषणा पत्र जमा करना होगा। किसी भी शिकायत के लिए मतदाता हेल्पलाइन 1950 का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल ऐप और ईसीआईनेट पोर्टल की मदद ली जा सकती है।
आयोग के अनुसार 5 अगस्त को प्रारूप सूची का प्रकाशन होगा। 4 सितंबर तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इनका निपटारा 3 अक्टूबर तक किया जाएगा। अंततः 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। 30 जून को सभी मतदान केंद्रों पर बैठकें होंगी।