जमशेदपुर न्यूज़: हिमांशु सिंह हत्याकांड में विहिप ने सीनियर एसएसपी पर कार्रवाई की मांग, आंदोलन की चेतावनी
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की हत्या के मामले में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने झारखंड सरकार से सीनियर पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई करने और जमशेदपुर के सीनियर एसएसपी का जल्द से जल्द तबादला करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो जमशेदपुर बंद कर जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
तुलसी भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में उठाए सवाल
बिष्टुपुर के तुलसी भवन में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए विहिप जमशेदपुर महानगर के जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि पुलिस पीसीआर वैन से निकालकर हिमांशु सिंह और प्रत्युष पर पुलिसकर्मियों के सामने धारदार हथियारों से हमला किया गया। इस घटना में हिमांशु सिंह की मौत ने शहरवासियों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह घटना पुलिस की संवेदनशीलता और कार्यक्षमता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
अजय गुप्ता ने आरोप लगाया कि शहर में चापड़बाजी, नशाखोरी और अवैध हथियारों के खुलेआम इस्तेमाल की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि एक ओर पुलिस हेलमेट जांच अभियान में व्यस्त है, वहीं दूसरी ओर गंभीर आपराधिक घटनाओं को रोकने में पुलिस तंत्र पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।
शिकायत दर्ज कराने में परेशानी का भी लगाया आरोप
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई थानों में आम लोगों को शिकायत दर्ज कराने में परेशानी होती है और अवैध रूप से पैसे मांगने जैसी शिकायतें भी सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि इस कारण लोगों का पुलिस व्यवस्था से भरोसा उठता जा रहा है।
विहिप नेताओं ने बताया कि संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल आदित्यपुर जाकर दिवंगत हिमांशु सिंह के परिजनों से मिला और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई और पुलिस प्रशासन में जवाबदेही तय नहीं की गई, तो विहिप जमशेदपुर बंद का आह्वान करते हुए व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा।
प्रेसवार्ता में हिन्दू पीठ के संस्थापक अरुण सिंह, विहिप के मंत्री चंद्रिका भगत, प्रांत संस्कार केंद्र प्रमुख सबिता सिंह, जितेंद्र प्रमाणिक, प्रदीप सिंह, विवेक सिंह, ज्योत्सना सरकार, दिलीप श्रीवास्तव सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।