जमशेदपुर न्यूज़: मानक वेतन नहीं मिलने पर भड़के सरयू राय, कुंज नगर में सफाई व्यवस्था पर उठाए सवाल
जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सोनारी के कुंज नगर का निरीक्षण कर सफाईकर्मियों को राज्य सरकार के निर्धारित मानक के अनुसार वेतन नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सफाईकर्मियों को सरकार द्वारा तय दैनिक मजदूरी, पीएफ और ईएसआई की पूरी जानकारी तथा लाभ मिलना चाहिए।
निरीक्षण में सामने आई कर्मियों की कमी
बुधवार को अपने प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा के साथ भ्रमण के दौरान सरयू राय ने पाया कि कुंज नगर में स्वीकृत 50 सफाईकर्मियों के बजाय केवल 32 कर्मी ही ड्यूटी पर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि कर्मियों की कमी से इलाके की साफ-सफाई प्रभावित हो रही है। निरीक्षण के दौरान सफाईकर्मियों ने उन्हें पूरा वेतन नहीं मिलने और पीएफ-ईएसआई की कटौती की जानकारी नहीं होने की शिकायत की।
पीएफ और ईएसआई का विवरण उपलब्ध कराने का निर्देश
सरयू राय ने बताया कि झारखंड सरकार की 1 अप्रैल 2026 की अधिसूचना के अनुसार अकुशल (अनस्किल्ड) मजदूरों को 491 रुपये प्रतिदिन मजदूरी मिलनी चाहिए, जिसमें से पीएफ और ईएसआई की कटौती की जाती है। उन्होंने मौके पर ही जेएनएसी के अधिकारी से फोन पर बात कर पीएफ और ईएसआई कटौती का विवरण उपलब्ध कराने तथा सभी पात्र सफाईकर्मियों को ईएसआई योजना से जोड़ने का निर्देश देने की बात कही।
सफाई व्यवस्था में सुधार पर दिया जोर
उन्होंने कहा कि जेएनएसी को सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। पिछले दस वर्षों से व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाने और इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
कदमा और मानगो का भी करेंगे निरीक्षण
सरयू राय ने बताया कि वह जल्द ही कदमा और मानगो क्षेत्रों का भी दौरा करेंगे। वहां सफाईकर्मियों की संख्या, ठेकेदारों की स्थिति, समय पर उपस्थिति और सफाई व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक प्रभावी और जवाबदेह सिस्टम विकसित करना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान रवि ठाकुर, रणजीत प्रसाद सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।