जमशेदपुर न्यूज़: तेज रफ्तार वैन ने ऑटो और बाइक को मारी टक्कर, पांच लोग घायल
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत बिग बाजार के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर गुरुवार को तेज रफ्तार वैन की लापरवाही से बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज गति से आ रही वैन ने पहले एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सामने से आ रही एक बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया।
बच्चा और दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल
हादसे में ऑटो में सवार एक बच्चा और दो महिलाएं घायल हो गईं, जबकि बाइक पर सवार दो लोगों को भी चोटें आईं। इस तरह दुर्घटना में कुल पांच लोग घायल हुए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाई अस्पताल
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया।
वैन जब्त, चालक की तलाश जारी
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वैन की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वैन को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।