जमशेदपुर न्यूज़: 39 लाख की नकली सिगरेट बरामद, दो गिरफ्तार; तीन मास्टरमाइंड अब भी फरार

मानगो में पुलिस द्वारा बरामद की गई नकली सिगरेट की खेप

जमशेदपुर: शहर में नकली सिगरेट के अवैध कारोबार के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 39 लाख रुपये मूल्य की 45,600 पैकेट डुप्लीकेट सिगरेट बरामद की है। इस मामले में मानगो थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस पूरे नेटवर्क के तीन कथित मास्टरमाइंड अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

ग्राहक बनकर पुलिस ने बिछाया जाल

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की।

पुलिस ने मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-17 स्थित केरला पब्लिक स्कूल के पीछे ग्राहक बनकर जाल बिछाया। इसी दौरान स्कूटी से नकली सिगरेट की खेप लेकर पहुंचे दो युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

गोदाम से मिली 45,600 पैकेट नकली सिगरेट

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 500 पैकेट नकली सिगरेट और एक स्कूटी बरामद की गई।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे कपाली के इस्लामनगर स्थित एक गोदाम से नकली सिगरेट लाकर जमशेदपुर के विभिन्न दुकानों में सप्लाई करते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गोदाम में छापेमारी की, जहां 19 प्लास्टिक के बोरों में रखे 45,600 पैकेट डुप्लीकेट सिगरेट बरामद किए गए।

बरामद सिगरेट की अनुमानित बाजार कीमत करीब 39 लाख रुपये बताई जा रही है।

दो गिरफ्तार, तीन मास्टरमाइंड फरार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उवैद अंसारी और एहतेशाम शमीम के रूप में हुई है।

वहीं गोदाम के संचालक वली आजम, शहनवाज दानिश और एस.के. परवेज फरार हैं। पुलिस के अनुसार, ये लोग लंबे समय से नकली सिगरेट का कारोबार संचालित कर रहे थे और शहर के कई इलाकों में इसकी आपूर्ति कर रहे थे।

सप्लाई चेन की जांच में जुटी पुलिस

मानगो थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के साथ-साथ नकली सिगरेट की सप्लाई चेन और इसके स्रोत की भी गहन जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

Share:

CROW News