जमशेदपुर न्यूज़: करंट से मृत मजदूर के परिजनों को 10 लाख का मुआवजा, सरयू राय के हस्तक्षेप के बाद ठेकेदार ने किया भुगतान
जमशेदपुर: जयपाल कॉलोनी से बालीगुमा टंकी तक पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान करंट लगने से जान गंवाने वाले मजदूर चेतन यादव के परिजनों को शनिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया। यह राशि ठेकेदार की ओर से प्रदान की गई। मुआवजा वितरण के दौरान गिरिडीह से आए परिजन और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मृतक चेतन यादव गिरिडीह जिले के पेशम पंचायत के निवासी थे। उनकी पत्नी कौशल्या देवी, दोनों बेटे तथा पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मुआवजा राशि सौंपी गई।
एक लाख नकद और नौ लाख रुपये चेक से दिए गए
मुआवजे के रूप में एक लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि छह लाख और तीन लाख रुपये के दो अलग-अलग चेक परिजनों को सौंपे गए। बताया गया कि मृतक की दोनों पत्नियों के परिवारों के बीच आपसी सहमति से राशि का वितरण किया गया।
सरयू राय के हस्तक्षेप के बाद बनी सहमति
विधायक सरयू राय के कार्यालय के अनुसार, जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं और विधायक प्रतिनिधियों की पहल से मुआवजा भुगतान संभव हो सका। पूर्वी सिंहभूम अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह, विकास साहनी, पिंटू सिंह, दिनेश कुमार और बीरू सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
पूर्व विधायक विनोद सिंह ने किया था संपर्क
कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक विनोद सिंह ने सरयू राय से संपर्क कर मृतक के गरीब परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का अनुरोध किया था। इसके बाद सरयू राय ने अपने प्रतिनिधियों को तत्काल पहल करने का निर्देश दिया। अंततः ठेकेदार की ओर से 10 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
मुआवजा मिलने के बाद मृतक के परिजन अपने पैतृक गांव गिरिडीह लौट गए।