जमशेदपुर न्यूज़: एचआईवी जागरूकता के लिए 5 जुलाई को 22 किमी साइक्लोथोन, युवाओं से भागीदारी की अपील
जमशेदपुर: एचआईवी/एड्स के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से झारखंड राज्य युवा आयोग की ओर से रविवार, 5 जुलाई 2026 को जमशेदपुर में 22 किलोमीटर साइक्लोथोन (साइकिल रैली) का आयोजन किया जाएगा।
साइक्लोथोन की शुरुआत जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से होगी। निर्धारित मार्ग के अनुसार प्रतिभागी आदित्यपुर टोल ब्रिज तक साइकिल चलाते हुए जाएंगे और वहीं से वापस जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचकर रैली का समापन करेंगे।
18 से 40 वर्ष के प्रतिभागी ले सकेंगे हिस्सा
प्रतियोगिता में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष और महिला प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। दोनों वर्गों के लिए अलग-अलग नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 11 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 9 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
क्यूआर कोड से करें पंजीकरण
झारखंड राज्य युवा आयोग ने इच्छुक प्रतिभागियों से समय रहते पोस्टर पर दिए गए क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कराने की अपील की है।
युवाओं से अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान
आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव ने राज्य के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में साइक्लोथोन में भाग लेकर एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 7764927719 पर संपर्क किया जा सकता है।