जमशेदपुर न्यूज़: हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, जमशेदपुर को नए एसएसपी और सरायकेला को नए एसपी मिले
रांची/जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर हुए चर्चित चापड़ कांड में घायल हिमांशु सिंह की मौत के बाद झारखंड सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। सरकार ने जमशेदपुर के तत्कालीन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे और सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी को पद से हटाते हुए नए अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है।
जमशेदपुर और सरायकेला को मिले नए पुलिस प्रमुख
सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी एहतेशाम वक़ारिब को जमशेदपुर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। वहीं, भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला-खरसावां का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
कानून-व्यवस्था को लेकर उठ रहे थे सवाल
हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद पूरे कोल्हान में कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। इस मामले को लेकर विरोध-प्रदर्शन तेज हो गए थे और सरकार पर कार्रवाई का दबाव बढ़ रहा था।
इसी बीच सरकार ने पुलिस प्रशासन में बदलाव करते हुए नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
नए अधिकारियों के सामने होगी बड़ी चुनौती
नए पुलिस नेतृत्व के सामने शहर और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आम लोगों का विश्वास बहाल करना सबसे बड़ी चुनौती होगी।