जमशेदपुर न्यूज़: हिमांशु सिंह हत्याकांड में जोनल आईजी का घटनास्थल दौरा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जमशेदपुर: डबल डाउन बार के बाहर करणी सेना के युवा जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह हत्याकांड के मामले को गंभीरता से लेते हुए जोनल आईजी मनोज कौशिक मंगलवार को जमशेदपुर पहुंचे। उन्होंने एसपी सिटी, एएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक की जांच की प्रगति की समीक्षा की और घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
पुलिस अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
बैठक के दौरान जोनल आईजी ने अब तक हुई कार्रवाई, आरोपियों की तलाश, पुलिस की भूमिका तथा आगे की जांच रणनीति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामले की जांच पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ तेज गति से आगे बढ़ाई जाए।
घटनास्थल पहुंचकर लिया जायजा
समीक्षा बैठक के बाद जोनल आईजी सीधे बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना के समय की सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस की तैनाती तथा कथित चूक के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जोनल आईजी मनोज कौशिक ने स्पष्ट कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जांच को और तेज करने तथा सभी तथ्यों को निष्पक्ष तरीके से सामने लाने का निर्देश दिया।
वीडियो में देखें क्या बोले जोनल आईजी
हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर जोनल आईजी मनोज कौशिक ने क्या कहा और जांच को लेकर क्या निर्देश दिए? इसका पूरा बयान देखने के लिए नीचे दिया गया वीडियो देखें।