सरायकेला न्यूज़: एनएच-220 पर भीषण सड़क हादसा, हाइवा-ट्रेलर टक्कर में दो चालकों की मौत
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के एनएच-220 पर सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। राजनगर-चाईबासा मार्ग स्थित रोला-खैरबनी मोड़ के पास हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई।
आग की चपेट में आए दोनों चालक
हादसे में दोनों वाहनों के चालक आग में फंस गए। एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे चालक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पीछे से आ रहे दो ट्रेलर भी दुर्घटनाग्रस्त
घटना के कुछ देर बाद पीछे से आ रहे दो ट्रेलर भी आपस में टकरा गए। दोनों वाहन सड़क किनारे खेत में पलट गए। इस दुर्घटना में दोनों चालक घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
दो घंटे बाद आग पर पाया गया काबू
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में दोनों वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फोरलेन सड़क की उठी मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-220 पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जबकि सड़क अब भी संकरी है। लोगों ने सरकार से सड़क को जल्द फोरलेन बनाने, बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।