सोनारी में भाई ने भाई की ली जान, लोहे की रॉड से हमला कर की हत्या
जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में भाई-भाई के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। नशे की हालत में हुए विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल की गई रॉड भी बरामद कर ली है।
नशे की हालत में हुआ विवाद
मृतक की पहचान 45 वर्षीय सनातन हेंब्रम के रूप में हुई है, जो सोनारी की झाबरी बस्ती में अपने भाइयों के साथ रहता था। जानकारी के अनुसार रविवार रात सनातन और उसका छोटा भाई दुखू हेंब्रम नशे की हालत में थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दुखू ने लोहे की रॉड से सनातन के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल भाई को घर लाकर सुला दिया
घटना के बाद आरोपी अपने घायल भाई को घर ले आया और कमरे में सुला दिया, लेकिन उसने परिवार के किसी सदस्य को मारपीट की जानकारी नहीं दी। परिजनों को लगा कि सनातन नशे की वजह से सो रहा है। वह पूरे दिन कमरे में पड़ा रहा, लेकिन उसकी हालत पर किसी का ध्यान नहीं गया।
अगले दिन हुई मौत की जानकारी
सोमवार रात जब दुखू काम से लौटकर कमरे में गया, तो उसने सनातन को मृत पाया। इसके बाद उसने परिवार के लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल रॉड बरामद
पुलिस के अनुसार यदि घायल सनातन को समय पर इलाज मिल जाता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने बताया कि आरोपी दुखू हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
#SonariNews #JamshedpurCrimeNews #MurderCase #BrotherMurder #JharkhandCrime #SanatanHembrom #DukhuHembrom #SonariPolice #CrimeNews #BreakingNews