जमशेदपुर न्यूज़: डिमना में पाइपलाइन कार्य के दौरान करंट लगने से मजदूर की मौत, साथी झुलसा

डिमना में पाइपलाइन कार्य के दौरान करंट लगने की घटना के बाद जांच करती पुलिस

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना स्थित जयपाल कॉलोनी में शनिवार शाम पानी की पाइपलाइन बिछाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। श्री श्री मनोकामना शिव दुर्गा मंदिर के समीप पीएचईडी विभाग की ओर से पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान करंट लगने से 50 वर्षीय मजदूर चेतन यादव की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंचे एक अन्य मजदूर अर्जुन यादव भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मोटर पंप के केबल में लीकेज की आशंका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा था। गड्ढे में जमा पानी को मोटर पंप की मदद से बाहर निकाला जा रहा था। इसी दौरान चेतन यादव पाइप उठाकर काम कर रहे थे, तभी अचानक वे करंट की चपेट में आ गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोटर पंप के बिजली के केबल में लीकेज होने के कारण गड्ढे में भरे पानी में करंट फैल गया। पानी के संपर्क में आते ही चेतन यादव बेहोश होकर गिर पड़े।

साथी को बचाने पहुंचे मजदूर भी झुलसे

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चेतन यादव को बचाने के लिए साथी मजदूर अर्जुन यादव दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। इसके बाद अन्य मजदूरों ने बिजली की आपूर्ति बंद कर दोनों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद चेतन यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि अर्जुन यादव का उपचार जारी है।

गिरिडीह के रहने वाले थे मृतक

मृतक चेतन यादव गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड स्थित पेशाम गांव के निवासी बताए गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हादसा बिजली के केबल में तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुआ। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share:

CROW News