जमशेदपुर न्यूज़: जयपाल कॉलोनी पाइपलाइन हादसे पर सरयू राय का बड़ा बयान, ठेकेदार समेत अधिकारियों पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग

जयपाल कॉलोनी पाइपलाइन हादसे पर कार्रवाई की मांग करते विधायक सरयू राय

जमशेदपुर: जयपाल कॉलोनी से बालीगुमा पानी टंकी तक बिछाई जा रही पेयजल पाइपलाइन के कार्य के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत के मामले में विधायक Saryu Roy ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इस घटना के लिए ठेकेदार, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (DWSD) के कार्यपालक अभियंता तथा मानगो नगर निगम के मेयर को प्रथमदृष्टया जिम्मेदार बताते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बिना तकनीकी अध्ययन के कार्य कराने का आरोप

जारी प्रेस वक्तव्य में Saryu Roy ने आरोप लगाया कि मेयर ने दबाव बनाकर कार्यपालक अभियंता से बिना तकनीकी अध्ययन के पाइपलाइन का मार्ग तय कराया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्यपालक अभियंता ने ठेकेदार पर दबाव डालते हुए बिजली विभाग से आवश्यक अनुमति लिए बिना अवैध बिजली कनेक्शन के माध्यम से कार्य कराने की सहमति दी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग

विधायक ने मांग की कि मृतक मजदूर के परिजनों को राज्य सरकार, संबंधित ठेकेदार और मानगो नगर निगम की ओर से उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

गौरतलब है कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, विभागीय प्रक्रियाओं और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Share:

CROW News