जमशेदपुर न्यूज़: हिमांशु सिंह की मौत के बाद बिष्टुपुर थाना के बाहर करणी सेना का प्रदर्शन, सड़क जाम

बिष्टुपुर थाना के बाहर प्रदर्शन करते करणी सेना के कार्यकर्ता

जमशेदपुर: शनिवार रात बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर पीसीआर वैन की मौजूदगी में हुई चापड़बाजी की घटना में घायल हिमांशु सिंह की मौत के बाद गुस्साए करणी सेना के कार्यकर्ता बिष्टुपुर थाना के समीप एकत्र हुए। उन्होंने घटना के विरोध में सड़क जाम कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की।

बिष्टुपुर थाना के बाहर किया प्रदर्शन

गुस्साए करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने बिष्टुपुर थाना के समीप प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम किया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्राथमिकी में नामजद आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं: 

  • नीरज सिंह (संचालक, भाजपा नेता)
  • विजय कुमार (सह-संचालक)
  • सोनू राम सरदार उर्फ सोनू मंडल (निवासी: धातकीडीह)
  • विश्वनाथ मंडल (निवासी: धातकीडीह)
  • राहुल (निवासी: धातकीडीह)
  • राज लोहार (निवासी: धातकीडीह)
  • अमित लोहार (निवासी: धातकीडीह)
  • अर्जुन लोहार (निवासी: धातकीडीह)
  • गणेश लोहार (निवासी: धातकीडीह)
  • लखन मार्डी (निवासी: घाघीडीह)  तथा एक अज्ञात व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है।

पुलिसिंग पर उठे सवाल

इस घटना में बार के संचालक नीरज सिंह की भूमिका जांच का विषय है, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में हुई इस वारदात के बाद झारखंड में पुलिसिंग पर भी बड़ा सवालिया निशान खड़ा हो गया है।

हथियारों से लैस पुलिस जवानों के सामने यदि इस तरह किसी पर जानलेवा हमला हो सकता है, तो आम आदमी की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठना स्वाभाविक है। यह समाज और जनप्रतिनिधियों के लिए भी चिंतन का विषय है कि क्या झारखंड में अपराधियों के सामने पुलिस कमजोर पड़ती जा रही है?

Share:

CROW News