चाईबासा न्यूज़: तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आई शिक्षिका, CCTV में कैद हुई घटना
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ-चक्रधरपुर मुख्य सड़क पर सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। निश्चितपुर स्कूल के समीप एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने घंटी आधारित शिक्षिका बंदना महतो को जोरदार टक्कर मार दी। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
स्कूल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, निश्चितपुर निवासी 23 वर्षीय बंदना महतो एसएस प्लस-2 हाई स्कूल, सोनुआ में पढ़ाने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान चक्रधरपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल शिक्षिका को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सोनुआ पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सोनुआ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल शिक्षिका का हालचाल लिया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।