जमशेदपुर न्यूज़: सिदगोड़ा में दिनदहाड़े महिला के गले से 17 ग्राम सोने की चेन झपटकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश
जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बिरसानगर जोन नंबर-10 स्थित आजाद पथ, बारीडीह बस्ती में टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज के समीप रविवार शाम करीब 5:30 बजे दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक महिला के गले से करीब 17 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।
वारदात से पहले करीब 10 मिनट तक की रेकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बदमाश लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली आर-15 बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। घटना को अंजाम देने से पहले उन्होंने करीब 10 मिनट तक इलाके की रेकी की। इसके बाद वे किराना सामान खरीदने के बहाने गायत्री चंद्रा की दुकान पर पहुंचे।
बताया जाता है कि जैसे ही गायत्री चंद्रा सामान देने में व्यस्त हुईं, एक बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से बारीडीह गोलचक्कर की ओर भाग निकले।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे फरार होने में सफल रहे।
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
दिनदहाड़े हुई इस चेन स्नैचिंग की घटना से स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।