जमशेदपुर न्यूज़: भाजपा ने मनाया संविधान हत्या दिवस, आपातकाल को लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताया
जमशेदपुर: भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से शनिवार को बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन के मानस सभागार में संविधान हत्या दिवस के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने की। संगोष्ठी में वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताते हुए लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ लोकनायक जयप्रकाश नारायण के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर हुआ। इससे पूर्व आपातकाल पर आधारित प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया।
आपातकाल को संविधान पर हमला बताया गया
मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल संविधान की आत्मा को बंदी बनाने जैसा था। उन्होंने कहा कि उस दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकार समाप्त कर दिए गए, प्रेस पर सेंसरशिप लगाई गई और विपक्षी नेताओं को जेल में डाला गया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए उस दौर को याद रखना आवश्यक है।
नई पीढ़ी को इतिहास से सीख लेने का आह्वान
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि नई पीढ़ी को आपातकाल के इतिहास से अवगत कराना जरूरी है ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के प्रति जागरूकता बनी रहे। प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने भी आपातकाल को जनता के अधिकारों के दमन का दौर बताया।
लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान
कार्यक्रम में आपातकाल के दौरान जेल गए लोकतंत्र सेनानियों ब्रह्मदेव नारायण शर्मा, दिनेश मंडल, ललन सिंह और दयाशंकर पांडेय को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो, पूर्व विधायक मेनका सरदार, जिला प्रभारी बबन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।