चाईबासा न्यूज़: मनोहरपुर में खेत से मिला संदिग्ध बम, सेना ने किया निष्क्रिय, टला बड़ा हादसा

मनोहरपुर में संदिग्ध बम को भारतीय सेना ने निष्क्रिय किया।

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सोनपोखरी गांव में खेत से मिले संदिग्ध बम को शुक्रवार को भारतीय सेना की 23 इन्फेंट्री डिवीजन की बम निरोधक टीम ने सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। इसके साथ ही कई दिनों से गांव में बना डर का माहौल खत्म हो गया।

तेज बारिश के कारण कुछ देर रुका ऑपरेशन

सेना की टीम ने कर्नल धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में दोपहर करीब एक बजे ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हालांकि अचानक तेज बारिश और वज्रपात होने के कारण कुछ समय के लिए अभियान रोकना पड़ा। मौसम साफ होने के बाद ऑपरेशन दोबारा शुरू किया गया।

करीब 150 मीटर की दूरी से किया नियंत्रित विस्फोट

बम निरोधक टीम ने सभी सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए तकनीकी प्रक्रिया पूरी की और करीब 150 मीटर की सुरक्षित दूरी से बैटरी के जरिए नियंत्रित विस्फोट किया। तेज धमाके के साथ संदिग्ध बम पूरी तरह नष्ट हो गया और संभावित बड़ा हादसा टल गया।

ऑपरेशन के दौरान मनोहरपुर के अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार, एएसपी अभियान राहुल देव बड़ाईक, डीएसपी डेविड ए. डोडराय, थाना प्रभारी अमिएल एक्का, सीआरपीएफ के अधिकारी शंभू नाथ यादव समेत भारतीय सेना, सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस के कई अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

मंगलवार को खेत में मिला था संदिग्ध बम

बता दें कि मंगलवार को सोनपोखरी गांव के एक खेत में संदिग्ध बम मिलने के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया था। सेना की विशेषज्ञ टीम के आने तक पुलिस और सीआरपीएफ लगातार निगरानी कर रहे थे। ऑपरेशन सफल होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Share:

CROW News