जमशेदपुर न्यूज़: डबल डाउन बार हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, थाना प्रभारी सस्पेंड, बार सील

डीडी बार हत्याकांड के बाद बिष्टुपुर थाना प्रभारी निलंबित

जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर करणी सेना के युवा जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह की हत्या के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की कथित लापरवाही पर एसएसपी पीयूष पांडे ने बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके साथ थाने के दो एएसआई और एक आरक्षी को भी सस्पेंड किया गया है। वहीं, बर्मामाइंस थाना प्रभारी निरंजन कुमार को बिष्टुपुर थाने का नया प्रभारी बनाया गया है।

डबल डाउन बार किया गया सील

उधर, जिला प्रशासन ने भी सख्त कदम उठाते हुए मंगलवार दोपहर डबल डाउन बार को सील कर दिया। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने बार को सील किया ताकि घटनास्थल से जुड़े किसी भी साक्ष्य के साथ छेड़छाड़ न हो सके। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के भी आदेश दिए हैं।

पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार

इधर, मृतक हिमांशु सिंह के परिजन अपने रुख पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक मामले में कथित दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा। फिलहाल हिमांशु सिंह का शव टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) के शवगृह में रखा गया है।

24 घंटे का अल्टीमेटम

मृतक के परिजन, करणी सेना के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। घटना के बाद शहर में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस-प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

जांच पर टिकी सभी की निगाहें

डबल डाउन बार हत्याकांड अब केवल हत्या का मामला नहीं रह गया है, बल्कि पुलिस की कार्यशैली और प्रशासनिक जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। एक ओर पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है, तो दूसरी ओर पीड़ित परिवार न्याय की मांग पर अडिग है। अब देखना होगा कि जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और आरोपियों के खिलाफ कब तक ठोस एवं निर्णायक कार्रवाई होती है।

Share:

CROW News