जमशेदपुर न्यूज़: कूल्हे की मरीज कनीज फातिमा को सरयू राय ने भेंट की व्हीलचेयर, घर पहुंचकर जाना हालचाल
जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मंगलवार को आजादनगर निवासी 75 वर्षीय कनीज फातिमा को व्हीलचेयर उपलब्ध कराकर मानवीय संवेदना का परिचय दिया। लंबे समय से कूल्हे की गंभीर समस्या से जूझ रही कनीज फातिमा को चलने-फिरने में काफी कठिनाई हो रही थी।
विधायक सरयू राय स्वयं उनके आजादनगर स्थित आवास पहुंचे और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने कनीज फातिमा की स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट और चिकित्सकीय दस्तावेजों का भी अवलोकन किया।
कूल्हे की चोट के बाद चलना-फिरना हुआ मुश्किल
कनीज फातिमा के दामाद ने बताया कि उम्र अधिक होने के कारण पहले वह लाठी के सहारे चलती थीं, लेकिन कुछ समय पहले गिरने से उनके कूल्हे की हड्डी (हिप जॉइंट) अपनी जगह से खिसक गई। इसके बाद से उनका चलना-फिरना लगभग असंभव हो गया था। व्हीलचेयर मिलने से अब उन्हें काफी राहत मिलेगी।
व्हीलचेयर प्राप्त करने के बाद कनीज फातिमा और उनके परिजनों ने विधायक सरयू राय के प्रति आभार व्यक्त किया।
भाजपा की पुरानी कार्यकर्ता रही हैं कनीज फातिमा
गौरतलब है कि कनीज फातिमा भारतीय जनता पार्टी की पुरानी कार्यकर्ता रही हैं। जब मृगेंद्र प्रताप सिंह जमशेदपुर पश्चिम से विधायक थे, तब उन्होंने आजादनगर मंडल में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
इस अवसर पर सुबोध श्रीवास्तव, अशोक कुमार, प्रकाश कोया, आफताब अहमद सिद्दीकी, दिनेश सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।