सरायकेला न्यूज़: चांडिल के चैनपुर पुल से कैनाल में गिरा कोयला लदा हाईवा, चालक घायल; फिर उठे सुरक्षा पर सवाल
सरायकेला: सरायकेला जिले के चांडिल-कांड्रा मुख्य मार्ग स्थित चैनपुर पुल पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोयला लदा एक हाईवा (JH-05CU-0759) अनियंत्रित होकर पुल से नीचे कैनाल में जा गिरा। हादसे में चालक घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
चैनपुर पुल से कैनाल में गिरा हाईवा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चालक की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चैनपुर पुल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुल पर लंबे समय से सुरक्षा गार्डवाल (रेलिंग) नहीं है। वहीं, पुल संकरा होने के बावजूद यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।
पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
ग्रामीणों के अनुसार, चैनपुर पुल पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद अब तक स्थायी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। उनका कहना है कि हर बार केवल जांच और आश्वासन तक ही कार्रवाई सीमित रह जाती है।
ग्रामीणों का मानना है कि यदि पुल पर मजबूत गार्डवाल लगा होता तो हाईवा के कैनाल में गिरने से बचाया जा सकता था या हादसे की गंभीरता काफी कम हो सकती थी।
ग्रामीणों ने की सुरक्षा उपायों की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से चैनपुर पुल पर जल्द गार्डवाल निर्माण, सड़क चौड़ीकरण और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।
फिलहाल, इस हादसे के बाद एक बार फिर चैनपुर पुल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।