जमशेदपुर न्यूज़: हिमांशु हत्याकांड में बड़ा खुलासा, डीडी बार के मालिक नीरज सिंह और मैनेजर विजय राजस्थान से गिरफ्तार
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के बहुचर्चित हिमांशु हत्याकांड में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे डीडी बार के मालिक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह और बार के मैनेजर विजय को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाया जा रहा है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जाएगी।
राजस्थान से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, डीडी बार में हुए विवाद के बाद हिमांशु को बार के बाहर लाया गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे शहर में भारी आक्रोश देखने को मिला था।
जांच के दौरान पुलिस ने हमलावरों के साथ-साथ बार के मालिक नीरज सिंह और मैनेजर विजय के खिलाफ भी आपराधिक साजिश समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। घटना के बाद दोनों फरार चल रहे थे और उनकी तलाश में पुलिस लगातार कई राज्यों में छापेमारी कर रही थी। आखिरकार राजस्थान में उनकी लोकेशन मिलने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुल सकते हैं कई अहम राज
अब तक इस हत्याकांड में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। हालांकि, वारदात का मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि नीरज सिंह और विजय से पूछताछ के दौरान हत्या की साजिश, घटना से पहले और बाद की गतिविधियों तथा अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर कई अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस ने दावा किया है कि मुख्य आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शहर में चर्चित इस हत्याकांड में डीडी बार के मालिक और मैनेजर की गिरफ्तारी को जांच का बड़ा मोड़ माना जा रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पूछताछ में और कौन-कौन से राज सामने आते हैं।