जमशेदपुर न्यूज़: हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद बड़ा पुलिस फेरबदल, ट्रैफिक शाखा से जवान थानों में तैनात

जमशेदपुर में ट्रैफिक शाखा से पुलिसकर्मियों का तबादला

जमशेदपुर: करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ट्रैफिक शाखा में तैनात कई पुलिस अधिकारियों और जवानों का तबादला कर उन्हें शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न थानों में भेजा गया है।

थानों में बढ़ेगी पुलिस की ताकत

पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार ट्रैफिक थाना साकची, बिष्टुपुर, जुगसलाई, गोलमुरी और मानगो में तैनात अवर निरीक्षक (पुअनि), सहायक अवर निरीक्षक (सअनि) तथा महिला सहायक अवर निरीक्षक (म.सअनि) का स्थानांतरण किया गया है। उन्हें विभिन्न थानों, सीसीआर और पुलिस केंद्र में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा शहर के सभी ट्रैफिक थानों से पांच-पांच सिपाहियों को भी अलग-अलग थानों में प्रतिनियुक्त किया गया है, ताकि पुलिस बल की कमी दूर की जा सके।

अपराध नियंत्रण को लेकर लिया गया फैसला

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हाल के दिनों में हत्या, लूट, छिनतई और फायरिंग जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। इसे देखते हुए संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने, नियमित गश्त तेज करने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है।

पुलिस का मानना है कि अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती से कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।

तत्काल योगदान देने का निर्देश

जारी आदेश में सभी स्थानांतरित पुलिस अधिकारियों और जवानों को तत्काल अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। पुलिस विभाग को उम्मीद है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था पहले से अधिक प्रभावी होगी।

Share:

CROW News