गढ़वा न्यूज़: कस्तूरबा विद्यालय में फिर बिगड़ी 8 छात्राओं की तबीयत, अभिभावकों का हंगामा, डीसी का बड़ा एक्शन
गढ़वा: जिले के खरौंधी प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में शनिवार को दूसरे दिन भी 8 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। शुक्रवार देर शाम विषाक्त भोजन और टंकी का गर्म पानी पीने से 100 से अधिक छात्राएं बीमार हुई थीं, जिनका इलाज भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया था। शनिवार को फिर छात्राओं के बीमार पड़ने की सूचना मिलते ही अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा।
अभिभावकों का हंगामा, पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग
आक्रोशित परिजनों ने विद्यालय पहुंचकर ग्रिल तोड़ते हुए परिसर में प्रवेश किया और जमकर हंगामा किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। सूचना मिलते ही गढ़वा उपायुक्त (डीसी) समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की।
जांच में लापरवाही मिलने पर बड़ी कार्रवाई
जांच में विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही सामने आने पर डीसी ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक कर्मी को छोड़कर विद्यालय के सभी कर्मचारियों को तत्काल सेवा मुक्त कर दिया। साथ ही एसडीएम को विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
डीसी ने अस्पताल पहुंचकर छात्राओं का लिया हालचाल
बाद में डीसी ने भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर बीमार छात्राओं का हालचाल लिया। उन्होंने बताया कि सभी छात्राओं का इलाज जारी है और सभी खतरे से बाहर हैं। विद्यालय में मौजूद अन्य छात्राओं को भी विशेष निगरानी में रखा गया है।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
डीसी ने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, अभिभावकों के हंगामे पर उन्होंने कहा कि ऐसी घटना के बाद परिजनों का आक्रोश स्वाभाविक है, लेकिन किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती। मामले की विस्तृत जांच जारी है।