जमशेदपुर न्यूज़: एचआईवी/एड्स जागरूकता के लिए निकली 22 किमी साइक्लोथोन
जमशेदपुर: युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से झारखंड राज्य युवा आयोग द्वारा रविवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से 22 किलोमीटर लंबी साइक्लोथोन का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्ग के सैकड़ों प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से आदित्यपुर टोल ब्रिज तक पहुंची और वहां से वापस प्रारंभिक स्थल पर समाप्त हुई।
विजेताओं को मिला नकद पुरस्कार
18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए आयोजित प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को अलग-अलग पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रथम स्थान पर 11 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 9 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
कुमार गौरव ने प्रतिभागियों का जताया आभार
झारखंड राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समाज में एचआईवी/एड्स के प्रति सही जानकारी फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।