धनबाद न्यूज़: फरार अपराधी प्रिंस खान के वासेपुर स्थित घर की कुर्की, कोर्ट के आदेश पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
धनबाद: धनबाद पुलिस ने शनिवार को फरार अपराधी प्रिंस खान के वासेपुर स्थित आवास पर न्यायालय के आदेश के तहत घर की कुर्की की कार्रवाई की। यह कार्रवाई धनबाद थाना में दर्ज कांड संख्या 226/23 एवं 221/22 में जारी कुर्की वारंट के आधार पर की गई।
पुलिस ने विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपी की संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई पूरी की। वहीं धनबाद थाना कांड संख्या 400/23 में न्यायालय के निर्देशानुसार आरोपी के विरुद्ध इश्तिहार भी चस्पा किया गया।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चला अभियान
कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में हुई कार्रवाई
अभियान का नेतृत्व सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव और डीएसपी (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोय की निगरानी में किया गया। मौके पर संबंधित थाना प्रभारी समेत कई पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों के खिलाफ न्यायालय के निर्देशानुसार आगे भी इसी तरह की कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।