जमशेदपुर न्यूज़: डीडी बार हत्याकांड के विरोध में निकला मशाल जुलूस, आज बंद को मिला व्यापक समर्थन
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के बाहर हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड तथा शहर में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को प्रस्तावित जमशेदपुर बंद से एक दिन पहले गुरुवार शाम शहर के विभिन्न हिस्सों में मशाल जुलूस निकाला गया।
साकची, बिष्टुपुर, गोलमुरी, मानगो, कदमा, सोनारी समेत कई इलाकों में लोगों ने हाथों में मशाल लेकर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई और शहर में बेहतर कानून-व्यवस्था की मांग उठाई।
बड़ी संख्या में शामिल हुए लोग
मशाल जुलूस में विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में शहर में हत्या, चापड़बाजी और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
उन्होंने प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और कानून-व्यवस्था को जल्द बहाल करने की मांग की।
कई संगठनों ने बंद को दिया समर्थन
शुक्रवार को होने वाले जमशेदपुर बंद को भारतीय जनता पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड), विश्व हिंदू परिषद, झारखंड क्षत्रिय संघ, करनी सेना सहित कई सामाजिक, धार्मिक, व्यावसायिक और व्यापारी संगठनों ने समर्थन दिया है।
बंद को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के लिए विभिन्न संगठनों ने शहरवासियों से सहयोग की अपील की है।
विश्वविद्यालय ने परीक्षाएं कीं स्थगित
बंद को देखते हुए कोल्हान विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को निर्धारित सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने नई परीक्षा तिथि बाद में घोषित करने की बात कही है।
इसके अलावा शहर के कई निजी स्कूलों, कोचिंग संस्थानों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों ने भी विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवकाश घोषित किया है।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
जिला प्रशासन ने बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।