जमशेदपुर न्यूज़: डीडी बार हत्याकांड में जल्द होगी गिरफ्तारी, एडीजी, डीआईजी और एसएसपी ने परिजनों को दिया भरोसा
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के समीप 27 जून को हुई हत्या की घटना में मृतक हिमांशु सिंह के परिजनों ने बुधवार को वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र, रांची के अपर पुलिस महानिदेशक, सिंहभूम (कोल्हान) क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक तथा पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की।
जल्द गिरफ्तारी का दिया गया भरोसा

मुलाकात के दौरान पुलिस अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले में फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी और जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
लगातार चल रही है छापेमारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम पुलिस हत्याकांड के उद्भेदन और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी तथा अन्य आवश्यक कार्रवाई कर रही है। मामले की जांच पूरी गंभीरता और प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस कार्रवाई पर संतोष जता रहे परिजन
हिमांशु सिंह के परिजनों ने अब तक की पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताया। उन्होंने जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग देने का भरोसा भी दिया।
परिजनों ने उम्मीद जताई कि फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी और पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।